छपरा. बिहार के छपरा जिले में सब्जी बेचने वाले की बेटी आरती ने आर्ट्स में बिहार की इंटर टॉपर बनकर अपने परिवार और छपरा का नाम रोशन किया है. आरती ने कोपा के गांधी स्मारक प्लस 2 से इंटर के परीक्षा में सफलता हासिल किया. मैट्रिक की परीक्षा में 84 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे. लेकिन, तब आरती टॉपर नहीं बनी थी. लेकिन, उसने अपनी मेहनत जारी रखी. आरती ने बताया कि अपने माता-पिता के सपने को पूरा करने के लिए उसने दिन रात एक कर दिया और अब उसका सपना आईएएस (IAS) बनने का है. आरती का कहना है कि उसने सोशल मीडिया से हमेशा दूरी बनाकर रखी जिसके कारण उसका मन पढ़ाई में लगा.
आरती के पिता सुनील साव ने बताया कि उनकी बेटी का सपना आईएएस बनने का है और वे उसके सपने को पूरा करने के लिए हर संभव मदद करेंगे. उन्होंने कहा कि आरती की सफलता से उनका परिवार बहुत गौरवान्वित है. आरती के पिता कोपा चट्टी पर एक छोटी सी सब्जी की दुकान चलाते हैं जिससे बहुत मुश्किल से घर का खर्च चल पाता है. लेकिन, उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई का सारा खर्च उठाया बेटी को लैपटॉप और मोबाइल खरीद कर दिया, ताकि वह पढ़ाई कर सके लेकिन बेटी ने भी साबित कर दिया कि उसमें योग्यता है.
मैट्रिक में मिले थे 84 प्रतिशत अंक
आरती की मां उर्मिला देवी ने बताया कि उनकी बेटी की मेहनत देखकर उन्हें ऐसे ही परिणाम की उम्मीद थी. उन्होंने कहा कि आरती की सफलता से उनका परिवार बहुत खुश है. आरती की सफलता ने छपरा शहर को भी गर्व से भर दिया है. शहर के लोग आरती की सफलता की बधाई दे रहे हैं और उसके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं. आरती ने बताया कि मैट्रिक में उसे सिर्फ 84 परसेंट अंक मिले थे. लेकिन, उसके बाद उसने उम्मीद नहीं छोड़ी और उसने जमकर पढ़ाई की, जिसके बाद इस बार इंटर में उसे बिहार का तीसरा टॉपर घोषित किया गया
