नई दिल्ली :- राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। भारत अब पूरी तरह से डिजिटल और बैरियर-फ्री टोलिंग प्रणाली की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
दरअसल, ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की कि यह नई एआई (AI) आधारित प्रणाली मार्च 2027 तक लागू होने की उम्मीद है, जिसके बाद गाड़ियों को टोल प्लाजा पर रुकना नहीं पड़ेगा।
इससे सालाना टोल राजस्व में करीब 10,000 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी का अनुमान है। इसके साथ ही सरकार ‘वन टैग’ सुविधा भी शुरू करने जा रही है, जिससे वाहन चालक बिना नया FASTag खरीदे अपना बैंक अकाउंट आसानी से बदल सकेंगे।
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा, “एआई और निर्बाध (सीमलेस) टोल प्रणाली के जरिए भारत टोल प्लाजा पर रुकने की पुरानी व्यवस्था को खत्म कर सीधे आगे बढ़ने की दिशा में काम कर रहा है। भविष्य का राजमार्ग इंटेलिजेंट, बाधा-रहित और पूरी तरह से कैशलेस होगा।
