नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को अब जेब ढीली करनी पड़ेगी. लगभग आठ साल बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सोमवार को किराया बढ़ाने का ऐलान किया. नई दरें 1 रुपए से लेकर 4 रुपए तक बढ़ाई गई हैं, जो दूरी के हिसाब से लागू होंगी.
अधिकारियों के मुताबिक न्यूनतम किराया 10 रुपए से बढ़ाकर 11 रुपए कर दिया गया है. जबकि 32 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने वालों को अब 60 की जगह 64 रुपए देने होंगे.
DMRC के एक अधिकारी ने बताया कि साल 2023-24 में मेट्रो को टैक्स से पहले 1,781.69 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था. 2024-25 में यह घाटा लगभग 1,598 करोड़ रुपए रहने का अनुमान है. कोरोना काल के नुकसान, जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) का कर्ज चुकाने और ढांचे के रखरखाव जैसी वजहों से यह कदम उठाना पड़ा.
क्या होगा नया किरया?
नई दरों के अनुसार 12 से 21 किलोमीटर तक की यात्रा का किराया 40 से बढ़ाकर 43 रुपए कर दिया गया है. वहीं 21 से 32 किलोमीटर तक का किराया 50 से बढ़ाकर 54 रुपए कर दिया गया. रविवार और राष्ट्रीय छुट्टियों पर भी नए किराए लागू होंगे. इन दिनों 32 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा पर अब 54 रुपए देने होंगे जो पहले 50 रुपए था.
DMRC ने कहा कि एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर भी किराए में 5 रुपए तक का इजाफा किया गया है. हालांकि स्मार्ट कार्ड धारकों को पहले की तरह हर यात्रा पर 10% की छूट मिलती रहेगी. ऑफ-पीक आवर्स यानी सुबह 8 बजे से पहले, दोपहर 12 से शाम 5 बजे और रात 9 बजे के बाद अतिरिक्त 10% छूट भी जारी रहेगी.
किराया बढ़ोतरी पर DMRC का पक्ष
DMRC ने इस बढ़ोतरी को “न्यूनतम” बताते हुए कहा कि यह जरूरी है ताकि ट्रेनों की समय पर मरम्मत, कर्मचारियों के वेतन और ढांचे के रखरखाव का खर्च पूरा हो सके. निगम का कहना है कि दुनिया के मुकाबले अब भी दिल्ली मेट्रो का किराया सबसे कम है.
