नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलिया ने चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. अफगानिस्तान के खिलाफ मैच बारिश की भेंट चढ़ गया. रद्द हुए इस मैच से दोनों टीमों को एक एक अंक मिले. ऑस्ट्रेलियाई टीम 4 अंक लेकर ग्रुप बी से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. अफगानिस्तान के भी 3 अंक हैं और उसके सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी बरकरार है. हालांकि उसको साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड मैच के नतीजों पर निर्भर रहना होगा. इंग्लैंड की टीम अगर बड़े अंतर से साउथ अफ्रीका को हरा देती है तो फिर दक्षिण अफ्रीका का नेट रनरेट में गिरावट आएगी. इस स्थिति में अफगानिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बढ़ जाएंगी
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में अफगानिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीमें आमने सामने थीं. इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 273 रन बनाए. जवाब में जब ऑस्ट्रेलिया ने 1 विकेट पर 109 रन बना लिए थे, उसके बाद बारिश ने दस्तक दी. लगातार बारिश की वजह से खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका और मुकाबले को रद्द कर दिया गया. दोनों टीमों को एक एक अंक दे दिया गया. ऑस्ट्रेलिया के 3 मैचों में 4 अंक हो गए और उसे सेमीफाइनल में एंट्री मार ली. ट्रेविस हेड 59 रन बनाकर नाबाद लौटे वहीं कप्तान स्टीव स्मिथ ने नाबाद 19 रन की पारी खेली. ओपनर मैथ्यू शॉर्ट 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे. ऑस्ट्रेलिया ने 12.5 ओवर में ये रन बनाए थे
ग्रुप बी में अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका के एक समान 3-3 अंक हैं लेकिन नेटरनरेट के हिसाबा से साउथ अफ्रीका की टीम अफगानिस्तान से कहीं आगे है. अगर इंग्लैंड की टीम साउथ अफ्रीका को 207 रन से हरा देती है फिर अफगानिस्तान की टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी जबकि चेज करते हुए अगर इंग्लैंड ने 300 का लक्ष्य 11.1 ओवर में हासिल कर लेता है तो फिर अफगानिस्तान अंतिम चार में पहुंच जाएगा. हालांकि इंग्लैंड के लिए यह आसान नहीं होगा
इससे पहले, सेदिकुल्लाह अटल के 85 रन और अजमतुल्लाह उमरजइ के 67 रन की मदद से अफगानिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 273 रन बनाए. अटल ने धीमी शुरुआत के बाद पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाई जबकि उमरजइ ने आखिर में आक्रामक पारी खेलकर अफगानिस्तान को 270 रन के पार पहुंचाया. जबकि एक समय उसके 8 विकेट 235 रन पर गिर गए थे. उमरजइ ने 63 गेंद की अपनी पारी में पांच छक्के और एक चौका लगाया. उन्होंने 49वें ओवर में नाथन एलिस को दो छक्के जड़े जिसमें मिडविकेट के ऊपर 102 मीटर का छक्का शामिल है. इसके बाद लांग आफ पर छक्का लगाया. इससे स्टार स्पिन आक्रमण वाली अफगानिस्तान टीम को एक अच्छा स्कोर मिल गया
