UP के विधान परिषद की 36 सीटों के चुनाव में भाजपा ने जबरदस्त जीत दर्ज की है। भाजपा के खाते में 36 में से 33 सीटें आई हैं। भाजपा को विधान परिषद में पूर्ण बहुमत मिला है। विधान परिषद की 9 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। समाजवादी पार्टी चुनाव में मुकाबले में ही नहीं दिखी। सपा को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली है। मंगलवार को 27 सीटों पर नतीजे आए, इनमें से 24 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है। जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया है। समाजवादी पार्टी के गढ़ आजमगढ़ में निर्दलीय विक्रांत सिंह ने जीत हासिल की है। जबकि भारतीय जनता पार्टी के गढ़ में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। वाराणसी से निर्दलीय अन्नपूर्णा सिंह चुनाव जीती हैं। वहीं, प्रतापगढ़ में राजा भैया का जलवा बरकरार है। उनके करीबी अक्षय प्रताप सिंह 5वीं बार एमएलसी बने हैं।
अक्षय प्रताप सिंह पांचवी बार एमएलसी बने
प्रतापगढ़ में राजा भइया का जलवा कायम है। अक्षय प्रताप सिंह 5वीं बार एमएलसी बने हैं। अक्षय प्रताप सिंह 1106 मतों से विजयी हुए हैं। उन्हें कुल 1720 मत मिले। भाजपा के हरी प्रताप सिंह को 614 वोट प्राप्त हुए। सपा के विजय बहादुर यादव 380 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। इनवैलिड मतों की संख्या 62 रही, वहीं जनसत्ता दल के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश नाथ ओझा 14 को वोट मिले। इनके अलावा अक्षय प्रताप सिंह की पत्नी मधुरिमा सिंह को 5 मत मिले।
