पटना। Bihar Legislative Council: उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन (Industries Minister Shahnawaz Hussai) ने मंगलवार को विधान परिषद में बताया कि पिछले एक साल में कई उद्योगों के प्रस्ताव आए हैं। इस दौरान राज्य सरकार ने 350 एकड़ जमीन आवंटित की है। बियाडा के पास जमीन की कमी है। कई बड़ी कंपनियां (Big Companies) उद्योग के लिए जमीन तलाश रही हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने उद्योगों को जमीन मुहैया कराने के लिए नई पालिसी बनाई है। सरकार उद्यमियों को देने के लिए बाजार मूल्य (एमवीआर रेट) पर निजी जमीन खरीदेगी। इससे जुड़े कई प्रस्ताव भी आए हैं, जिस पर विचार चल रहा है।
कई जिलों में नहीं बची है जमीन
जदयू सदस्य नीरज कुमार (MLC Neeraj Kumar) के अल्पसूचित प्रश्न के जवाब में उद्योग मंत्री ने कहा कि बियाडा के पास कई जिलों में जमीन नहीं बची है। जहां कुछ जमीन खाली भी है, वहां मांग काफी ज्यादा है। ऐसे में सरकार राजस्थान जैसे दूसरे राज्यों की तर्ज पर ई-आक्शन पर भी विचार कर रही है। इससे पारदर्शिता के साथ जमीन आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। अगर कोई कंपनी इंडस्ट्रीयल पार्क (Industrial Park) विकसित करना चाहे तो उसे भी सहयोग किया जाएगा।
टेक्सटाइल पार्क के लिए एक हजार एकड़ जमीन की तलाश लगभग पूरी
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मुझे सदन को बताते हुए खुशी हो रही है कि हमने 1600 एकड़ का पार्क बना लिया है, उसपर प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर पीएम मित्र योजना के तहत जो सात बड़े टेक्सटाइल पार्क (Textiles Park) बनने वाले हैं, उसके लिए भी बिहार आगे बढ़कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश करेगा। हमने टेक्सटाइल पार्क के लिए एक हजार एकड़ जमीन की तलाश करीब-करीब पूरी कर ली है। इसकी शुभ सूचना जल्द ही सदन को दी जाएगी। इसके अलावा लेमन ग्रास को भी बढ़ावा दिया जाएगा। मंत्री ने सदन को विस्तार से जानकारी दी।
