असम के हाफलोंग पोलिंग बूथ पर वोटिंग में गड़बड़ी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। इस बूथ पर कुल 90 वोटर हैं, लेकिन वोटों की संख्या 181 हो गई। प्रदेश के चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर ने बताया कि मामले में सेक्टर अधिकारी, पीठासीन अधिकारी और 4 कर्मचारियों को सस्पेंड किया गया है। इनमें एक बूथ लेवल का अधिकारी भी शामिल है।
BJP उम्मीदवार की गाड़ी से मिली थी EVM
हाल ही में असम के पथरकंडी में BJP प्रत्याशी कृष्णेंदु पॉल की गाड़ी में EVM मिलने से हड़कंप मच गया था। विपक्ष ने मामले में BJP के साथ-साथ चुनाव आयोग पर भी हमला बोला था। इसके बाद चुनाव आयोग ने सफाई देते हुए कहा था कि गाड़ी खराब हो गई थी। इसके बाद चुनाव अधिकारियों को BJP प्रत्याशी की गाड़ी में लिफ्ट लेना पड़ा। आयोग ने मामले में 4 अधिकारियों को सस्पेंड भी किया है। साथ ही संबंधित एक बूथ पर दोबारा चुनाव करवाने के निर्देश दिए हैं।
EC की गाड़ी खराब हो गई थी
EC की गाड़ी खराब होने की वजह से चुनाव अधिकारियों ने पास से गुजर रही एक कार में लिफ्ट ली। ये कार एक भाजपा कैंडिडेट की थी। इस पर हमला भी किया गया। पुलिस ने EC की गाड़ी पर हमला करने वालों पर FIR की है। EVM को कब्जे में ले लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि EVM सुरक्षित है और इसके साथ कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है।
आखिरी फेज की वोटिंग जारी
असम में मंगलवार को आखिरी फेज का चुनाव चल रहा है। इस फेज में राज्य के 12 जिलों की 40 सीटों पर वोटिंग हो रही है। इसमें जलुकबरी सीट भी है, जहां से सरकार के वरिष्ठ मंत्री और BJP नेता हेमंत बिस्वा सरमा चुनाव लड़ रहे हैं। इससे पहले 27 मार्च और 1 अप्रैल को पहले दो फेज की वोटिंग हुई थी। इस दौरान 47 और 39 सीटों के लिए वोट डाले गए थे। नतीजे 2 मई को आएंगे।