पटना. आज यानी शुक्रवार को बीपीएससी की ओर से आयोजित 70वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा शुरू हाेने के साथ ही पटना का माहौल गर्म रहा. पटना के बापू परीक्षा हॉल पर जमकर बवाल मचा. एग्जाम देने पहुंचे परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि क्वेश्चन पेपर देरी से बांटा गया. करीब 1 घंटे देरी से प्रश्न-पत्र मिला. इस गड़बड़ी की शिकायत करने कुछ परीक्षार्थी बीपीएससी के ऑफिस पहुंचे और आयोग के अध्यक्ष से मिलने की जिद करने लगे और परीक्षा को रद्द करने की भी मांग करने लगे.
इस हंगामे के बीच प्रश्नपत्र लीक होने का का मामला भी तूल पकड़ने लगा. वहीं पेपर लीक होने के मामले को लेकर आयोग के चेयरमैन को सामने आकर सफाई देनी पड़ी. बीपीएससी के चेयमैन ने इसे अफवाह बताया है. अब बड़ा सवाल यह है कि क्या बीपीएससी की परीक्षा रद्द हो जाएगी.
बीपीएससी ऑफिस पहुंचे अभ्यर्थियों ने बताया कि एग्जाम सेंटर में बैठे. 12 बजे से 02 बजे तक पेपर था. 11 बजे गेट क्लोज कर दिया गया. 11 बजे से 12 बजे तक बैठे रहे. एग्जाम शुरू होने से पहले OMR सीट मिलता है. वो भी 12:30 बजे तक नहीं मिला. जब देरी का कारण पूछने लगे तो, जवाब मिला कि थोड़ी देर में मिलेगी. कुछ अभ्यर्थी जब नीचे गए तो देखा कि नीचे के फ्लोर पर पेपर बंट चुका है. बस इंतजार करने की बात कही जा रही थी. एक्जाम में हो रही देरी को लेकर सवाल पूछने पर कोई ठोस जवाब नहीं मिल रहा था.
अभ्यर्थियों ने बताया कि 12:45 बजे तक ऐसे ही इंतजार करते रहे. ना तो क्वेश्चन पेपर मिला और ना ही अटेंडेंस बनाया गया. सेंटर के अंदर सभी अभ्यर्थी सिर्फ इंतजार ही कर रहे थे. बस यही कहा जा रहा था कि जिनका एग्जाम देरी से शुरू होगा तो अतिरिक्त समय दिया जाएगा. तभी कई अभ्यर्थी बाहर निकलने लगे तो उन्हीं के साथ निकल गया. हमारी मांग है कि पेपर को रद्द कर दिया जाए. हमारी मांग है कि हमें जवाब चाहिए कि आखिर हमारे साथ ऐसा क्यों हुआ. आयोग को इस मामले पर जानकारी देनी चाहिए.
बीपीएससी की 70वीं संयुक्त परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक के आरोपों पर आयोग के चेयरमैन परमार रवि मनुभाई ने सफाई दी है. उन्होंने कहा कि पेपर लीक की बात बिल्कुल गलत है. किसी सेंटर से कोई पेपर लीक नहीं हुआ है. आयोग के सदस्य सेंटर पर भी गए थे और कहीं से पेपर लीक की शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि कुछ कैंडिडेट्स ने अफवाह फैलाई की पेपर वायरल हो गया है. उन्होंने कहा कि बिना मोबाइल और बिना इंटरनेट के पेपर कैसे वायरल हो सकता है. कैंडिडेट्स सेंटर के अंदर हंगामा करने लगे और पेपर छीनकर बाहर निकल गए. उन्होंने कह कि परीक्षा सेंटर पर मौजूद कैंडिडेट्स को भड़काया गया है
