पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आप संयोजक और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल पर कवि कुमार विश्वास ने गंभीर आरोप लगाए। जिसके बाद बीजेपी और कांग्रेस ने भी जमकर कटाक्ष किए। जिसके बाद आज अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए पूछा कि अगर में आतंकवादी हूं तो इन्होंने 10 सालों में मुझे गिरफ्तार क्यों नहीं किया।
चन्नी साहब ने अपनी गंदी राजनीति के लिए गुरु महाराज के संदेश को भी पीछे छोड़ दिया
केजरीवाल ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह ने बोला था कि सब जन एक हैं, चन्नी साहब ने अपनी गंदी राजनीति के लिए गुरु महाराज के संदेश को भी पीछे छोड़ दिया, वह इंसान और इंसान के बीच में दरार पैदा कर रहे हैं। मुझे नहीं पता वो किस को आकर्षित करने के लिए कर रहे हैं, लेकिन ये देश और पंजाब के लिए खतरा है, पंजाब का सम्मान तो भाईचारे है, सब गुरु जी की इज्जत करते हैं।
मैं दुनिया का सबसे स्वीट आतंकवादी हूं
कुमार विश्वास के आरोपों पर केजरीवाल ने कहा कि ये पिछले कुछ दिन से कह रहे हैं कि मैं 10 साल से देश के टुकड़े करने का प्लान बना रहा हूं और देश के दो टुकड़े करके केजरीवाल एक टुकड़े पर राज करना चाहता है, ये लोग कह रहे हैं कि केजरीवाल 10 साल से षड्यंत्र रच रहा है। मैं दिल्ली का सीएम हूं। आपको पता था मैं 10 साल से षड्यंत्र रच रहा हूं।10 साल में तीन साल तो कांग्रेस के थे। 7 साल मोदी जी के हैं। मोदी जी क्या सो रहे थे? एजेंसी सो रही थी? मुझे गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। राहुल गांधी की भी सरकार थी तीन साल। उन्होंने गिरफ्तार क्यों नहीं किया? मैं दुनिया का सबसे स्वीट आतंकवादी हूं, जो अस्पताल बनाता है। लोगों को तीर्थ यात्रा पर भेजता है। इस तरह का आतंकवादी तो दुनिया में पैदा नहीं हुआ होगा।
