जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मृतक की शिनाख्त पुनीत गुप्ता(27) के रूप में हुई है। वह पूर्वी दिल्ली के गणेश नगर इलाके में रहता था। वह सिविल डिफेंस में कार्यरत था। उसकी तैनाती ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के कर्मचारियों के साथ थी।
ट्रांसपोर्ट विभाग में तैनात एसआई रविंद्र शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह अपने सहयोगी एएसआई अशोक कुमार, हवलदार प्रवीण, सिपाही अनिल राणा, महेंद्र और सिविल डिफेंसकर्मी पुनीत के साथ शनिवार रात आठ बजे से रविवार सुबह चार बजे तक नजफगढ-नांगलोई रोड पर तैनात था। देर रात करीब साढ़े 12 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक को पुनीत ने जांच के लिए रुकने का इशारा किया। मगर चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और पुनीत को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पुनीत ट्रक के अगले हिस्से में फंस गया।
वहां मौजूद लोगों ने चालक को ट्रक रोकने के लिए कहा लेकिन चालक तेज रफ्तार से ट्रक को भगाकर ले गया। वहां मौजूद पीसीआर की एक वैन ने ट्रक का पीछा किया। करीब 15 सौ मीटर दूर जाकर पुनीत ट्रक से गिर गया। उसके सहयोगियों ने उसे पास के अस्पताल ले गए। जबकि पीसीआर वैन और ट्रांसपोर्ट विभाग के कर्मचारियों ने ट्रक का पीछा कर ढिचाऊं गांव के पास चालक को दबोच लिया।
पुनीत को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। ट्रक चालक की पहचान नजफगढ़ निवासी देवेंद्र सिंह(55) के रूप में हुई है। पुलिस उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है। घटना के बाद पुनीत के घर में मातम छाया हुआ है जहां परिवार खुद प्रशासन को दोषी करार दे रहा है वही प्रशासन ने इसे एक मात्र अचानक घटना करार देते हुए समझाने का प्रयास कर रहा है