सीतामढ़ी. बैरगनिया में पूर्व प्रखंड प्रमुख और वर्तमान महिला पंचायत समिति सदस्य श्रीमती भूषण बिहारी की हत्या के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है. सुनियोजित तरीके से की गई इस हत्या के पीछे का सच जानकर पुलिस भी हैरान रह गई. इस मामले में सीतामढ़ी के एसपी अमित रंजन ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व प्रमुख का हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि उनका पति ही निकला. उसने दो लाख रुपये की सुपारी देकर अपनी पत्नी की हत्या करवाई थी. इसकी पृष्ठभूमि में अवैध संबंध बड़ा कारण था.
सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन ने बताया कि भूषण बिहारी के पति भाई भूषण बिहारी ने अपनी पत्नी के अवैध संबंधों के कारण इस हत्या की साजिश रची. उसने दो लाख रुपये देकर एक शूटर को हायर किया था. इतना ही नहीं, हत्या से दो महीने पहले उसने अपनी पत्नी का LIC भी करा दिया था ताकि उसकी राशि प्राप्त कर सके. हत्या की योजना अवैध संबंध और LIC की राशि प्राप्त करने के लिए बनाई गई थी.
पूर्व प्रमुख भूषण बिहारी की हत्या में पति निकला हत्यारा
बता दें कि 3 अप्रैल को सीतामढ़ी के बैरगनिया बाजार के अस्पताल रोड पर देर शाम भूषण बिहारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पहले पति ने एक मुखिया और उसके बेटे पर हत्या का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी की थी. मोबाइल सर्विलांस और CCTV फुटेज इस हत्या की गुत्थी सुलझाने में अहम साबित हुए. इस हत्याकांड के खुलासे के बाद स्थानीय लोग भी हैरान हैं और इस मामले की चर्चा जोर-शोर से हो रही है
