तेल अवीव: इजरायल ने गाजा पट्टी में एक बार फिर हमला बोल दिया है. इसके बाद से यह साफ है कि इजरायल और हमास के बीच 19 जनवरी से चल रहा सीजफायर आखिरकार खत्म हो गया है. इजरायल ने कई हवाई हमले किए हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इज़राइली पीएम कार्यालय ने कहा कि हमास के खिलाफ ऑपरेशन फिर शुरू होगा. इजरायली डिफेंस फोर्स ने एक्स पर लिखा, ‘राजनीतिक समीकरण के अनुसार IDF और ISA वर्तमान में गाजा पट्टी में हमास आतंकी संगठन से जुड़े आतंकी ठिकानों पर व्यापक हमले कर रही है.’ इस हमले में मरने वालों के अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं. अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है
रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा, ‘आज रात हमने गाजा में फिर से लड़ाई शुरू कर दी है.’ CNN की रिपोर्ट के मुताबिक हमास के अधिकारी बासेम नईम ने दावा किया है कि इन हमलों में 34 से ज्यादा लोग मारे गए हैं. उन्होंने इजरायल पर सीजफायर समझौते को एकतरफा तोड़ने का आरोप लगाया. हमास ने एक अलग बयान में कहा, ‘नेतन्याहू और उनकी कट्टर सरकार ने युद्धविराम समझौता खत्म करने का फैसला किया है, जिससे गाजा में बंधकों का भविष्य अनिश्चित हो गया है
गाजा में सिविल डिफेंस ने कहा कि बमबारी के कारण कई घर तबाह हो गए हैं. कई लोग घरों के मलबे के नीचे फंसे हुए हैं. गाजा में मौजूद पत्रकारों ने अलग-अलग जगहों पर धमाकों की आवाज सुनने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी है. गाजा शहर में, सिविल डिफेंस के प्रवक्ता महमूद बस्सल के अनुसार, 15 से ज्यादा लोग मारे गए हैं, जिनमें पांच बच्चे शामिल हैं. 20 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं. सेंट्रल गाजा में, नुसेरात शरणार्थी शिविर में घरों पर हमले के बाद 70 से ज्यादा घायल लोग अल-अव्दा अस्पताल पहुंचे हैं
लगभग दो महीने तक यह सीजफायर चला. हमले के तुरंत बाद इजरायल ने एक बयान जारी किया. रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि अगर हमास बाकी बचे 59 बंधकों को रिहा नहीं करता तो गाजा के लिए नरक के दरवाजे खुल जाएंगे. हमास पर ऐसी ताकत से हमला किया जाएगा, जैसा उसने पहले कभी नहीं देखा होगा. काट्ज ने कहा, ‘आज रात हम हमास की ओर से बंधकों को रिहा करने से इनकार करने और IDF सैनिकों और इजरायली समुदायों को नुकसान पहुंचाने की धमकियों को देखते हुए, लड़ाई फिर शुरू कर रहे हैं
