पटना. बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में साल प्रदेश के अंदर सियासी हलचलें तेज हो गयी है. बिहार की तमाम राजनीतिक पार्टियां चुनावी तैयारी में जुट गयी हैं. वहीं बिहार में एनडीए और महागठबंधन दोनों ओर से सियासी दिग्गजों का बिहार दौरा शुरू हो गया है. सोमवार को जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के भागलपुर में पहुंचकर चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी. वहीं अब मंगलवार को केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पटना पहुंचे और बिहार बीजेपी के नेताओं के साथ बड़ी बैठक की. इस बीच सबसे खास बात यह रही कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी अचानक जेपी नड्डा से मुलाकात करने स्टेट गेस्ट हाउस पहुंच गए
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से स्टेट गेस्ट हाउस में सीएम नीतीश कुमार की इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है. इस मुलाकात के दौरान बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, बिहार सरकार में मंत्री मंगल पांडेय और विजय चौधरी भी मौजूद थे. बंद कमरे के अंदर हुई इस मुलाकात के दौरान एनडीए की एकजुट को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जेपी नड्डा के बीच अहम चर्चा हुई. इस दौरान सीएम नीतीश कुमार और जेपी नड्डा एक ही सोफे पर बैठे हुए थे. वहीं उन दोनों की बगल में एक तरफ बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और दूसरी तरफ सम्राट चौधरी थे. विजय चौधरी और मंगल पांडेय जेपी नड्डा और नीतीश कुमार के सामने बैठे थे
जेपी नड्डा और नीतीश कुमार के बीच करीब 10 से 15 मिनट तक हुई इस मुलाकात के दौरान बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कई रणनीति पर चर्चा की बात सामने आ रही है. वहीं सूत्रों के अनुसार बताया जा रहा है कि बिहार में एनडीए किस एजेंडे पर चुनाव में उतरेगी इसको लेकर भी नीतीश कुमार और जेपी नड्डा के बीच अहम बातचीत हुई. वहीं बिहार में चुनाव के दौरान एनडीए की एकजुटता को लेकर भी चर्चा की गयी. दरअसल पीएम नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के ठीक एक दिन बाद नीतीश कुमार और जेपी नड्डा की इस मुलाकात को कई मायनों में अहम माना जा रहा है.
