नई दिल्ली। देश में 12 से 14 वर्ष की आयु के तीन लाख से अधिक बच्चों ने बुधवार को कोरोनारोधी टीके की अपनी पहली डोज ली। इसी के साथ ही देशभर में अब तक टीके की 180.80 करोड़ से अधिक डोज दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। देश में 12-14 वर्ष के आयु वर्ग के लिए कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान बुधवार को शुरू हुआ। इस आयु वर्ग को बायोलाजिकल-ई का कोर्बेवैक्स टीका दिया जा रहा है।
इसकी दो डोज 28 दिनों के अंतराल में दी जाएंगी। देश में एक मार्च 2021 तक की स्थिति के अनुसार, 12 और 13 साल की आयु के 4.7 करोड़ बच्चे हैं। कोरोनारोधी टीके की 2.15 करोड़ से अधिक एहतियाती डोज स्वास्थ्य कर्मियों, अग्रिम पंक्ति के कर्मियों और 60 साल या उससे अधिक आयु के लोगों को दी गई। अब 60 साल और उससे अधिक आयु के लोगों को एहतियाती डोज दी जा सकती है। कोरोनारोधी टीके की दूसरी डोज देने की तारीख से नौ महीने पूरे होने के आधार पर यह एहतियाती डोज दी जाएगी।
देशभर में टीकाकरण अभियान 16 जनवरी 2021 को शुरू हुआ था और सबसे पहले स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों को टीके की डोज दी गई थी। भारत ने पिछले साल एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया था। इसके बाद सरकार ने पिछले साल एक मई से 18 साल से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया था।
वहीं देश में गुरुवार को एक दिन में कोरोना के 2,539 नए मामले सामने आने से देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,30,01,477 हो गई वहीं सक्रिय मामले घटकर 30,799 रह गए। इस दौरान इस बीमारी से 60 और लोगों की मौत हुई जिनमें 50 मामले अकेले केरल के हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के अनुसार कोरोना से ठीक होने की दर सुधर कर 98.73 प्रतिशत हो गई है।
इसी तरह दैनिक पाजिटिविटी दर 0.35 प्रतिशत और साप्ताहिक पाजिटिविटी दर 0.42 प्रतिशत दर्ज की गई। 24 घंटे की अवधि में 7,17,330 कोरोना परीक्षण किए गए। अब तक 78.12 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। वहीं राष्ट्रव्यापी कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत अब तक देश में 180.80 करोड़ से अधिक टीके के डोज दिए जा चुके हैं।
