गयाः बिहार के गया जिले के उग्रवाद प्रभावित छकरबंधा थाना क्षेत्र के पचरुखी-तारी जंगल से गुरुवार को दो आईईडी (तात्कालिक विस्फोटक यंत्र) बरामद किया गया है।
छकरबंधा थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नक्सल प्रभावित पचरुखिया एवं लंगुराही सहित अन्य जंगली क्षेत्रों में अर्धसैनिक बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही अर्ध सैनिक बलों के जवान अपना कदम बढ़ा रहे थे तभी इलेक्ट्रिक वायर दिखाई दिया, उसके बाद सावधानी पूर्वक से आईईडी निकाल कर डिफ्यूज कर दिया गया है।
संजय कुमार ने बताया कि गुरुवार की दोपहर आधा किलोग्राम का प्रेशर आईईडी एवं ढाई किलो का कमांड आईईडी बरामद किया गया, जिसे डिफ्यूज कर दिया गया है। इधर, अर्धसैनिक बलों से मिली जानकारी के अनुसार इस ऑपरेशन में अर्धसैनिक बलों के कई सीनियर अधिकारी भी मौजूद थे।
