एक दिन में पहली बार देश में 3,645 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। कई शहरों में कोरोना से होने वाली मृत्युदर 2.5 फीसदी तक पहुंच गई है।वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर यह दर 1.11 फीसदी है। पंजाब, गुजरात और पश्चिम बंगाल में हर 100 संक्रमितों में दो की मौत हो रही है। वहीं, दिल्ली, मध्यप्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में एक फीसदी से ज्यादा मौत हो रही है। देश में 14 अप्रैल को 1,027 मौतों के साथ मरने वालों का आंकड़ा 1.71 लाख था, जो अब बढ़कर 2,04,812 हो चुका है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया, एक दिन में 3,79,257 नए मामले मिले हैं। पहली बार इतने मामले दर्ज किए गए हैं। इन्हें मिलाकर अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 1,83,68,096 हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि देश में सक्रिय मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ने लगी है। पहली बार देश में 30,84,814 सक्रिय मरीज हैं, जिनका इलाज घर और अस्पतालों में चल रहा है।
बीते एक दिन में 1,06,105 सक्रिय मामले बढ़े हैं। देश में सक्रिय दर 16.79 फीसदी हैं। राहत की बात है कि पिछले एक दिन में 2,69,507 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया गया है। अब तक देश में वायरस से 1.50 करोड़ से भी अधिक लोग ठीक हो चुके हैं। हालांकि, हर दिन नए मामले बढ़ने से ठीक होने की दर घटकर 82 फीसदी पर आ चुकी है।