वॉशिंगटन: खगोलीय घटनाओं में दिलचस्पी रखने वाले लोगों के लिए एक सुनहरा मौका आया है. जल्द ही साल 2025 का पहला चंद्रग्रहण लगने वाला है. अब आपका सवाल होगा कि चंद्रग्रहण 2025 में कब लगेगा? इसके लिए आपको ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. 2025 में पहला चंद्रग्रहण 13-14 मार्च को लगेगा. यह चंद्र ग्रहण बेहद खास है. साल 2022 के बाद यह पहली बार एक पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा. इसे ‘ब्लड मून’ भी कहा जाता है, क्योंकि यह लाल रंग का दिखाई देगा. लेकिन अगर आप इसे भारत में देखना चाहते हैं तो इसे लेकर आपको निराशा हाथ लगेगी. क्योंकि यह भारत में नहीं लगने वाला.
इंटरनेशनल खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
13-14 मार्च 2025 को यह चंद्र ग्रहण उत्तर और दक्षिण अमेरिका में दिखाई देगा. पूर्ण चंद्र ग्रहण लगभग पांच घंटे तक चलेगा, जिसमें 65 मिनट के लिए चंद्रमा एकदम लाल रंग का नजर आएगा. यह वही समय होगा जब पूर्ण चंद्र ग्रहण चल रहा होगा. सूर्य ग्रहण जहां एक छोटे छोटे इलाके में दिखता है, वहीं चंद्र ग्रहण पृथ्वी के उस आधे हिस्से से दिखता है, जहां रात होती है. मार्च 2025 का चंद्र ग्रहण, उत्तर अमेरिका, अलास्का, हवाई, पश्चिमी यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड से नजर आएगा.
चंद्र ग्रहण क्यों लगता है?
अंतरिक्ष में पृथ्वी सूर्य का चक्कर लगाती है. वहीं चंद्रमा पृथ्वी की परिक्रमा करता है. कई बार ऐसा समय आता है जब सूर्य और चंद्रमा के बीच में पृथ्वी आ जाती है. तब चंद्रमा पर सूर्य का प्रकाश नहीं पड़ता. चंद्रमा जब पृथ्वी की सबसे गहरी छाया यानी अम्ब्रा (Umbra) में आ जाए और पूरी तरह ढक जाए तभी पूर्ण चंद्र ग्रहण लगता है. इस दौरान सूर्य की रोशनी पृथ्वी के वायुमंडल से होकर गुजरती है, जिससे नीली और हरी किरणें बिखर जाती हैं और सिर्फ लाल रंग की किरणें ही चंद्रमा तक पहुंच पाती है. इस कारण यह लाल दिखता है
