नई दिल्ली:
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. राम मंदिर भूमिपूजन के लिए पीएम नरेंद्र मोदी भी अयोध्या के लिए रवाना हो चुके हैं. इस आयोजन को लेकर बॉलीवुड अभिनेता और कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा भी अभिभूत नजर आए. उन्होंने ट्वीट कर राम मंदिर भूमि पूजन की लोगों को बधाई दी. इसके साथ ही शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्विटर पर 1818 का एक संयोग भी साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उस समय 2 आना के सिक्के पर एक तरफ रामदरबार अंकित था तो दूसरी तरफ कमल का फूल बना हुआ था. इसके साथ ही शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि जब कमल का राज आएगा, तभी अयोध्या में दीपोत्सव मनाया जाएगा.
